अररिया (बिहार) ◆अररिया में आपसी विवाद के बाद पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना रानीगंज प्रखंड अंतर्गत बौसीं थाना क्षेत्र के गुणवंती पंचायत के मंडल टोला की है। मृतका की पहचान रणधीर मंडल की पत्नी फूलो देवी के रूप में हुई है। मृतका के पिता पंचानंद मंडल ने आरोप लगाया है कि दामाद रणधीर मंडल ने पहले उनकी बेटी के साथ मारपीट की, जिससे उसका पैर टूट गया, और फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। फूलो देवी अपने पति के साथ मंडल टोला में रहती थी। परिजनों के अनुसार, रणधीर मंडल दो दिन पहले ही कुमराहा से घर लौटा था।शुक्रवार को फूलो देवी की हत्या की सूचना मिली। जब मायके वाले मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने घर के अंदर फूलो का शव पड़ा देखा। शव के गले पर रस्सी के निशान और शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।बौसीं थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है।पति-पत्नी के बीच भोज खाने जाने को लेकर कहासुनी हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि हत्या फांसी लगाकर की गई लगती है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल अररिया
भेजा, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया
गया।थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के परिजनों की लिखित
शिकायत मिलते ही आरोपी पति रणधीर मंडल के खिलाफ
हत्या का मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
फिलहाल आरोपी पति फरार है। ग्रामीणों में इस घटना को
लेकर आक्रोश है और वे इसे पूर्व नियोजित हत्या बता रहे हैं।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार