सदर अस्पताल में शुद्ध पेयजल मशीनव शौचालयोंसे नल गायब
2/26/2026 07:11:00 am
कटिहार (बिहार) ◆सदर अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की चौबीसों घंटे तैनाती के बावजूद चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। हालत यह है कि चोर अस्पताल परिसर में बेखौफ होकर सामान उड़ा ले जा रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला अस्पताल में लगाए गए शुद्ध पेयजल मशीनों और शौचालयों से नल चोरी होने का है। जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार अस्पताल में अलग-अलग स्थानों पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मशीनें लगाई गई थीं। ताकि लोगों को हर समय साफ पानी मिल सके। लेकिन चोरों ने इन मशीनों में लगे नलों को खोलकर चोरी कर लिया। यही स्थिति अस्पताल के शौचालयों की भी है। जहां पहले लगे सभी नल गायब हो चुके हैं और उनकी जगह प्लास्टिक के नल लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अस्पताल में सुरक्षा कर्मी लगातार ड्यूटी पर रहते हैं। तब इस तरह की चोरी होना लापरवाही की ओर इशारा करता है। इससे पहले भी मरीजों और उनके परिजनों के सामान, साइकिल, मोटरसाइकिल, ई-रिक्शा और ऑटो की बैटरी चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस मामले में अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों के सुपरवाइजर का कहना है कि उनकी जिम्मेदारी अस्पताल परिसर की सुरक्षा करना है।न कि मरीजों या उनके परिजनों के निजी सामान की। हालांकि सवाल यह उठ रहा है कि जब अस्पताल की स्थायी संपत्ति ही सुरक्षित नहीं है तो सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है। इधर तापमान बढ़ने के साथ शुद्ध पानी की समस्या और गंभीर होती जा रही है।