अररिया (बिहार) ◆पलासी प्रखंड अंतर्गत आमगाछी वार्ड नंबर 10 गांव से एक विवाहिता महिला एवं उसके चार वर्षीय पुत्र के अपहरण का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में अपहृता की सास द्वारा पलासी थाना में सात लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि 9 फरवरी की शाम करीब सात बजे पीड़िता अपनी बहू और दो पोतों के साथ उत्तर मानी मेला देखकर घर लौट रही थी। इसी दौरान जब वे पुरव मरीया धार पुल के समीप पहुंचे, तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने बहू और चार वर्षीय पोते का जबरन अपहरण कर लिया। आरोप है कि सभी आरोपी बाइक पर दोनों को बैठाकर फरार हो गए।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि अपहरण के दौरान उसकी बहू के पास मौजूद लगभग 40 भर चांदी और दो आना सोने के आभूषण भी आरोपी अपने साथ ले गए। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि यदि मामले की खोजबीन या मुकदमा किया गया तो अंजाम बुरा होगा।इसके बाद 10 फरवरी की शाम करीब पांच बजे आरोपी संचालन यादव और परमानंद यादव पीड़िता के घर पहुंचे और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी। उन्होंने कहा कि जहां जाना है जाओ, हमसे कुछ नहीं होगा।पीड़िता ने बताया कि इससे पहले भी आरोपी राहुल कुमार यादव द्वारा इस तरह की घटना की जा चुकी है, जिसका पंचनामा पहले से बना हुआ है।इस मामले में नामजद आरोपी राहुल कुमार यादव, परमानंद यादव, संचालन यादव, जनार्दन यादव, चंदन यादव, सचिन कुमार यादव और सूरज यादव सभी आमगाछी वार्ड नंबर 10 के निवासी बताए जा रहे हैं।थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही अपहृता महिला एवं बच्चे की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।
विवाहिता महिला व चार वर्षीय बालक के अपहरण का मामला दर्ज, सात नामजद आरोपी
2/12/2026 07:34:00 pm