अररिया (बिहार) ◆पलासी प्रखंड के हसनपुर गोदान स्थित एसपी एचपी गैस एजेंसी पर रविवार को गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की काफी भीड़ उमड़ पड़ी। कई दिनों से गैस की गाड़ी नहीं आने के कारण लोगों को गैस नहीं मिल रहा था, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।रविवार को जैसे ही गैस की गाड़ी एजेंसी पर पहुंची, बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंच गए। भीड़ अधिक होने के कारण लोगों को लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।एजेंसी के डाटा ऑपरेटर प्रमोद कुमार ने बताया कि कई दिनों से गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही थी, जिसके कारण उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल रहा था। आज गैस की गाड़ी आने के बाद उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया जा रहा है।वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि युद्ध के कारण गैस की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिसके चलते लोगों में चिंता भी देखी गई। हालांकि एजेंसी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।स्थानीय लोगों ने गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या का सामना न करना पड़े।