पलासी प्रखंड क्षेत्र में पैक्स चुनाव को लेकर आज मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पूरे इंतजाम किए हैं

अररिया (बिहार) ◆पलासी प्रखंड क्षेत्र में पैक्स चुनाव को लेकर आज मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पूरे इंतजाम किए हैं। वहीं, कल होने वाली मतगणना को लेकर भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस चुनाव में 11 पंचायतों में मतदान हो रहा है, जहां अध्यक्ष पद के लिए कुल 21 उम्मीदवार मैदान में हैं। उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने से कई जगह मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
धर्मगंज पैक्स में अंकेशर यादव और प्रकाश यादव के बीच सीधी टक्कर है। पिपरा बिजवार में अजीत कुमार राही और दयानंद चौधरी आमने-सामने हैं। नकटा खुर्द पंचायत में प्रदीप कुमार यादव और मदन कुमार यादव के बीच मुकाबला है।
कनखुदिया पंचायत में युगेश प्रसाद चौधरी और शिवानंद यादव के बीच संघर्ष चल रहा है। बरदबट्टा में डाबर, संतोष कुमार मंडल और शुक्रदेव मंडल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है, जबकि ब्रह्मकुंडा में आशुतोष कुमार, चन्द्रकांत झा और युगल किशोर यादव अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।रामनगर में बीबी किसमती, बीबी जहरा और मो. वसीक के बीच मुकाबला है। पैचेली पंचायत में मुस्ताक और मो. रगीब आमने-सामने हैं, जबकि मियांपुर में अलीम उद्दीन और मो. जुबेर के बीच चुनावी जंग है।
सोहंदर और चहटपुर पैक्स से वर्तमान अध्यक्ष पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ आदित्य प्रकाश ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गुरुवार को होने वाली मतगणना के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है और कड़ी सुरक्षा के बीच निर्धारित केंद्रों पर वोटों की गिनती की जाएगी।जहां एक ओर आज मतदान को लेकर क्षेत्र में उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं सभी उम्मीदवारों की निगाहें अब कल होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब चुनाव के नतीजे सामने आएंगे और स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।