अररिया (बिहार) ◆पलासी, जनजातीय समुदायों तक सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “जनजातीय गरिमा उत्सव-2026” के तहत बुधवार को पलासी प्रखंड की पांच पंचायतों के 10 जनजातीय टोलों में विशेष कैंप एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। यह कार्यक्रम “जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले” सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) के राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत जिला कल्याण कार्यालय द्वारा आयोजित किया गया।
प्रखंड के विभिन्न जनजातीय बहुल टोलों में आयोजित इन शिविरों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों की स्वास्थ्य जांच की। शिविर में सिकल सेल एनीमिया सहित अन्य बीमारियों की जांच, उपचार और निःशुल्क दवा वितरण किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श भी दिए और बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के तहत बलुआ कलियागंज पंचायत के बलुआ टोला, कुजरी पंचायत के रामनगर टोला, पकड़ी पंचायत के बेलबाड़ी, बेनी एवं लोखंडा टोला, नकटाखुर्द पंचायत के दीपनगर, बड़गांव एवं सोनाकंदर तथा बरहकुंबा पंचायत के खपड़ा एवं बरोली टोला में शिविर लगाए गए।इस दौरान जिला कार्यालय से प्रतिनियुक्त पदाधिकारी मो. मुशफिक हुसैन के साथ पलासी के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी और अन्य प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने संबंधित टोलों में पैदल भ्रमण (ट्रांसेक्ट वॉक) किया। अधिकारियों ने जनजातीय समुदाय के लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शिविरों के दौरान प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए 21 मई से 23 मई 2026 तक विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
जिला कल्याण कार्यालय की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रखंड स्तर पर अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिनकी निगरानी में पूरे अभियान का संचालन किया जा रहा है। जनजातीय क्षेत्रों तक प्रशासन की सीधी पहुंच और सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।