पलासी में महिला की संदिग्ध मौत, बांस झाड़ी से शव बरामद; हत्या की आशंका

अररिया (बिहार) ◆पलासी (अररिया), 4 जून। पलासी प्रखंड के कनखुदिया पंचायत अंतर्गत सुरकिया धार के समीप गांगझाली करोड़ स्थित बांस झाड़ी से गुरुवार सुबह एक 27 वर्षीय महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पलासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया।मृतका की पहचान पिपरा बिजवाड़ पंचायत के वार्ड संख्या 09 निवासी विघा नंद मंडल की सबसे छोटी पुत्री नविता देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि नविता देवी की शादी सात वर्ष पूर्व मजलिसपुर पंचायत के पनडुब्बी गांव निवासी गौरव मंडल के साथ हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं।परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, शादी के शुरुआती वर्षों में पति-पत्नी के संबंध सामान्य थे, लेकिन पिछले करीब दो वर्षों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने पर नविता देवी अपने मायके पिपरा बिजवाड़ में तीनों बच्चों के साथ रह रही थीं।मृतका के पिता विघा नंद मंडल ने आरोप लगाया कि बुधवार की शाम उनका दामाद गौरव मंडल उनके घर आया और पत्नी व सबसे छोटे पुत्र को कलियागंज बाजार घुमाने तथा कपड़े खरीदने के बहाने अपने साथ ले गया। देर रात तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह कनखुदिया एवं करोड़ दिघली गांव के ग्रामीणों ने सुरकिया धार के किनारे बांस झाड़ी के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान नविता देवी के रूप में की।
परिजनों का आरोप है कि नविता देवी की हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया है। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी पति उनके दो वर्षीय पुत्र को लेकर फरार हो गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।स्थानीय लोगों के अनुसार, शव के चेहरे पर चोट के निशान थे तथा गला दबाए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।इधर, पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।