अररिया (बिहार) ◆पलासी थाना पुलिस ने न्यायालय से निर्गत गैर-जमानती वारंटों के निष्पादन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पांच वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।थानाध्यक्ष के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को उनके घरों एवं संभावित ठिकानों से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए वारंटियों में मो. जाकिर हुसैन (पिता- कलिमुद्दीन), मो. इब्राहिम (पिता- सबौरी) दोनों निवासी पिपरा बिजवार वार्ड संख्या-06, नरेश प्रसाद यादव (पिता- रौशन लाल यादव) निवासी बकैनियां वार्ड संख्या-11, अरविंद यादव (पिता- झीटलाल यादव) निवासी बेलबाड़ी वार्ड संख्या-13 तथा फिरोज आलम (पिता- अब्दुल रसीद) निवासी फरसा डांगी शामिल हैं।पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तारी के दौरान नियमानुसार परिजनों एवं स्थानीय गवाहों की उपस्थिति में गिरफ्तारी मेमो तैयार किया गया तथा आरोपियों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पलासी थाना पुलिस ने बताया कि न्यायालय से निर्गत वारंटों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पलासी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पांच वारंटी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
6/08/2026 10:05:00 pm