किशनगंज (बिहार) ◆किशनगंज। जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलझाड़ी वार्ड संख्या-2 में एक 14 वर्षीय किशोर के साथ कथित रूप से मारपीट, बंधक बनाकर रखने और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां की शिकायत पर टाउन थाना में चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।पीड़ित किशोर की मां दरखसा बेगम ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि उनका पुत्र मो. कमरान अकमल (14), जो सातवीं कक्षा का छात्र है, 19 जून की रात करीब 11 बजे घर से बाहर गया था। आरोप है कि पड़ोस की एक नाबालिग लड़की ने मोबाइल पर बात कर उसे मिलने के लिए बुलाया था। जब दोनों घर के बाहर बातचीत कर रहे थे, तभी लड़की के परिजन और अन्य लोग वहां पहुंच गए।आवेदन के अनुसार, नजरूल हक उर्फ मदगा, जवादुल हक, बोबी और मो. साजन ने किशोर को पकड़कर बंधक बना लिया। आरोप है कि सभी ने लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर से उसकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के दौरान किशोर के सीने पर कई बार लात-घूंसे मारे गए, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे खून की उल्टी होने लगी।घटना की सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपितों ने किशोर को नहीं छोड़ा। इसके बाद किसी ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर को आरोपितों के कब्जे से मुक्त कराया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने किशोर का वीवो ए-57 मोबाइल फोन और गले में पहनी लगभग पांच भरी चांदी की चेन भी छीन ली।घायल किशोर को इलाज के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने सिटी स्कैन और एक्स-रे कराने की सलाह दी है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
इस संबंध में टाउन थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले के सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।