पूर्णिया (बिहार) ◆पूर्णिया के बैसा प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की गई है। राज्य की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बैसा प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) राजकुमार चौधरी को 46,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।यह गिरफ्तारी एक वेंडर से रिश्वत मांगने के आरोप में हुई है।SVU की टीम ने बीडीओ को उनके कार्यालय से ही पकड़ा।गिरफ्तारी की यह कार्रवाई राज किरण नाम के एक वेंडर की शिकायत पर की गई है। शिकायतकर्ता राज किरण ने आरोप लगाया था कि उसने बैसा प्रखंड में सरकारी योजनाओं के तहत 16 लाख रुपये की सामग्री की आपूर्ति की थी।इस भुगतान की प्रक्रिया को पूरा करने के एवज में बीडीओ राजकुमार चौधरी ने उनसे रिश्वत की मांग की थी। जिसे लेकर वेंडर राज किरण ने इस संबंध में विशेष निगरानी इकाई, पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की पुष्टि की और जाल बिछाया। जैसे ही गुरुवार को बीडीओ राजकुमार चौधरी ने वेंडर से रिश्वत की राशि स्वीकार की,निगरानी की टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया।विशेष निगरानी इकाई ने आरोपी बीडीओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत कांड संख्या-21/2026 दर्ज किया है। विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपी बीडीओ को शुक्रवार को पटना स्थित निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पूर्णिया, रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए बैसा के BDO, SVU की बड़ी कार्रवाई
7/17/2026 05:07:00 am