पलासी थाना का एसपी जितेंद्र कुमार ने किया निरीक्षण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

अररिया (बिहार) ◆पलासी (अररिया)। अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने गुरुवार को पलासी थाना का निरीक्षण किया। थाना पहुंचने पर पलासी थाना में पदस्थापित पुलिस कर्मियों ने एसपी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद एसपी ने थाना परिसर, पुलिस आवासीय परिसर, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष सहित विभिन्न अभिलेखों एवं पंजियों का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने विभिन्न कांडों से संबंधित पंजियों, मालखाना पंजी तथा सीडी पार्ट वन, टू और थर्ड पंजियों का अवलोकन किया। साथ ही लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से मामलों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली।एसपी जितेंद्र कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने, केस डायरी को अद्यतन रखने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने और क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों को नियमित एवं प्रभावी गश्ती करने, वाहन जांच अभियान तेज करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। एसपी ने थाना परिसर और पुलिस आवासीय परिसर की साफ-सफाई का भी जायजा लिया और स्वच्छता बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी के निरीक्षण को लेकर थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों में सक्रियता बनी रही। इस अवसर पर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।