अररिया (बिहार) ◆अररिया, दिनांक 03 अक्टूबर 2026
पीएम सूर्य घर योजना में तेजी लाने का निर्देश, जेई को 20-20 आवेदन का लक्ष्य जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान विद्युत उपभोक्ताओं से आवेदन प्राप्त करने, सोलर पैनल अधिष्ठापन के लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा आवेदकों के घरों पर सोलर पैनल अधिष्ठापन के लंबित कार्यों को संबंधित वेंडरों के माध्यम से शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सभी कनीय विद्युत अभियंताओं को आगामी 15 दिनों के अंदर 20-20 आवेदन कराने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।जिला पदाधिकारी ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों, नगर परिषद को अपने-अपने क्षेत्र के सभी वार्डों में न्यूनतम 5-5 आवेदन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने पर भी जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि जिला पदाधिकारी अररिया के दिशा-निर्देश में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की लगातार समीक्षा की जा रही है। वर्तमान में जिले में 205 विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा सोलर पैनल का अधिष्ठापन कराया जा चुका है। बताया गया कि इनमें अधिकांश उपभोक्ताओं के विद्युत बिल शून्य आ रहे हैं, जिससे घरेलू विद्युत खर्च में कमी आ रही है।बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घरों पर सोलर पैनल स्थापित कराने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल पर ₹40,000, 2 किलोवाट पर ₹80,000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल पर अधिकतम ₹98,000 तक की सब्सिडी का प्रावधान है।बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता श्री गौरव कुमार, सभी सहायक अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता एवं संबंधित वेंडरों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार