पूर्णिया (बिहार) ◆पूर्णिया मिल्लिया फखरुद्दीन अली अहमद बीएड शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, पूर्णिया के ललित कला सहायक प्राध्यापक एवं युवा चित्रकार डॉ. ध्रुव कुमार ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मक योगदान से बिहार का गौरव बढ़ाया है। उन्हें कला एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नई दिल्ली में मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। शांति पुरस्कार परिषद की ओर से आयोजित सम्मान समारोह राजधानी दिल्ली स्थित मैपल गोल्ड बैंक्वेट में संपन्न हुआ।मूल रूप से खगड़िया जिले के महदा बन्नी गांव के निवासी डॉ. ध्रुव कुमार की कलात्मक प्रतिभा राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना चुकी है। उनकी कलाकृतियां पटना, कोलकाता, नई दिल्ली और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों के साथ नेपाल, इंडोनेशिया, दुबई और श्रीलंका की प्रतिष्ठित आर्ट गैलरी में प्रदर्शित हो चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि को कला जगत और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।समारोह में तिब्बती निर्वासित संसद के पूर्व उपाध्यक्ष आचार्य एशिया फुन्सुक तथा पूर्व सांसद महाबल मिश्रा समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस दौरान डॉ. ध्रुव कुमार की उपलब्धि की सराहना की गई।उनकी इस सफलता पर मिल्लिया एजुकेशनल ट्रस्ट के निदेशक डॉ. असद इमाम, सह-निदेशक ई. आदिल इमाम तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शहवाज रिजवी ने बधाई दी। उन्होंने डॉ. ध्रुव कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी कला और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।