अररिया (बिहार) ◆अररिया। विश्व बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर अररिया जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जागरण कल्याण भारती के नेतृत्व में जिला प्रशासन अररिया, जिला न्यायालय अररिया, एसएसबी की 52वीं एवं 56वीं बटालियन, एसएसबी बथनाहा, आईसीपी जोगबनी तथा आरपीएफ कटिहार के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में अभियान आयोजित किया जाएगा।इस विशेष अभियान के तहत जिले के 751 गांवों, नगर परिषद एवं पंचायत क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की पहल की गई है। अभियान के तहत जिले के 300 प्रमुख स्थानों पर एक साथ सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित होगा। बुधवार को शाम 6 बजे स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और स्कूली बच्चों को बाल विवाह मुक्त अररिया बनाने का संकल्प दिलाया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर कैंडल मार्च और जागरूकता रैली निकालकर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ जनआवाज बुलंद की जाएगी।इस अवसर पर जिला मुख्यालय में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी, जिला न्यायालय के न्यायिक पदाधिकारी, एसएसबी की 52वीं एवं 56वीं वाहिनी के अधिकारी, आईसीपी जोगबनी, आरपीएफ के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह रोकने की दिशा में साहसिक पहल करने वाली किशोरियों तथा अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सहयोगियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
जागरण कल्याण भारती के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था जिला प्रशासन एवं विभिन्न सुरक्षा बलों के सहयोग से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। बाल विवाह बच्चों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा और उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।संस्था ने जिले के नागरिकों, अभिभावकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों से अपील की है कि वे बुधवार की शाम 6 बजे अपने नजदीकी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक संकल्प लें। अभियान का संदेश है- "न बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे।