अररिया (बिहार) ◆अररिया। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बैरगाछी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की भारी खेप से लदे एक डीसीएम ट्रक को जब्त किया है। ट्रक से कुल 4451.4 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब अलग-अलग ब्रांड और बैच की बताई जा रही है।मामले का खुलासा करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग के डीसीएम ट्रक पर नीला तिरपाल लगाकर शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और तत्काल पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया।इसके बाद पुलिस टीम ने बैरगाछी ओवरब्रिज के समीप एनएच-327 ई की दक्षिणी लेन पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान जोकीहाट की तरफ से आ रहे डीसीएम ट्रक नंबर BR-01GB-7787 को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने सरकारी वाहन से घेराबंदी कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।
ट्रक रुकते ही उसमें सवार दो युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के सुवधिया निवासी लाल मोहम्मद के पुत्र मोहम्मद इरफान (20) तथा कुड़नी थाना क्षेत्र के रामचंद्र चौक, वार्ड संख्या-09 निवासी विनोद राम के पुत्र रघुवीर (19) के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा ट्रक के डल्ले की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई 4451.4 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। शराब के अलावा तस्करी में प्रयुक्त डीसीएम ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।इस संबंध में बैरगाछी थाना कांड संख्या 140/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी, इसकी जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है।