अररिया (बिहार) ◆पलासी। प्रखंड क्षेत्र में नियमित टीकाकरण से वंचित बच्चों को चिह्नित कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने की पहल तेज कर दी गई है। इसी उद्देश्य से गुरुवार को प्रखंड सभागार में जीरो डोज टीकाकरण उन्मूलन को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता बीडीओ कुमार अनिकेत ने की। कार्यशाला का आयोजन स्वच्छता, आईसीडीएस एवं पंचायती राज संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।कार्यशाला में प्रखंड की नौ पंचायतों दिघली, कुजरी, मियांपुर, पकड़ी, भीखा, बरदबट्टा, सुखसेना, पेचेली और रामनगर में टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा की गई। इन पंचायतों में बड़ी संख्या में बच्चे नियमित टीकाकरण से वंचित हैं। ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण अभियान से जोड़ने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।बीडीओ कुमार अनिकेत ने कहा कि जिन पंचायतों के वार्डों में टीकाकरण से छूटे बच्चों की संख्या अधिक है, वहां विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने मुखिया, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, एएनएम और जीविका दीदियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा हर छूटे हुए बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।वहीं, गावी की प्रखंड समन्वयक अमिता सिन्हा ने कहा कि केवल बच्चों का नियमित टीकाकरण ही नहीं, बल्कि गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, स्वास्थ्य परीक्षण और बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का नियमित वजन मापने जैसे कार्यों में भी कमी देखी जा रही है। उन्होंने इन सेवाओं को नियमित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया कार्यशाला में प्रभारी चिकित्सक डॉ. जहांगीर आलम,बीएचएम मो. खतीब आलम, गावी के जिला समन्वयक विजय विक्रम, मुखिया समद अली, मुखिया प्रतिनिधि सोहराब आलम सहित विभिन्न विभागों के कर्मी एवं अन्य लोग उपस्थित थे।