अररिया (बिहार) ◆अररिया। सुपौल जिले के छह परिवारों की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब तिलक समारोह से लौट रही एक स्कॉर्पियो अररिया में हादसे का शिकार होकर नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार एक व्यक्ति सुरक्षित बच गया। स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे।हादसा बुधवार की रात करीब 11:45 बजे ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के मदनपुर-सिकटी मार्ग पर बीड़ी पुल के समीप हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए पुल के नीचे नदी में जा गिरी।बताया जाता है कि सभी लोग अररिया जिले के सिकटी प्रखंड अंतर्गत भपटीयाई गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। यह समारोह शिक्षक संजय नंदन विश्वास के बेटे का था। स्कॉर्पियो में सवार लोग लड़की पक्ष के थे और कार्यक्रम संपन्न होने के बाद अपने घर सुपौल लौट रहे थे।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मुन्ना कुमार (22), सौरभ कुमार (15), यश कुमार (16), आदित्य अमन (20), कुंदन कुमार (28) और आर्यन कुमार (15) के रूप में हुई है। सभी मृतक सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र की थुमहा पंचायत के वार्ड संख्या 9 के निवासी थे।प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो नदी में गिरने के बाद पानी से भरने लगी और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी की मदद से वाहन को बांधा और जेसीबी की सहायता से उसे नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक छह लोगों की जान जा चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थाना पुलिस और मुख्यालय डीएसपी रजनीश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने सभी मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
बीड़ी पुल पर बड़ा हादसा, स्कॉर्पियो सवार छह लोगों की गई जान
11/19/2026 06:39:00 am