अररिया (बिहार) ◆ अररिया,फारबिसगंज। अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर फारबिसगंज में बाल विवाह के खिलाफ विशेष जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अनुमंडल प्रशासन फारबिसगंज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने तथा पूरे अनुमंडल को बाल विवाह मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।कार्यक्रम अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज के नेतृत्व में 'बाल विवाह मुक्त अररिया जिला' एवं 'बाल विवाह मुक्त भारत अभियान' के तहत आयोजित किया गया। जागरण कल्याण भारती फारबिसगंज, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (Just Rights for Children) तथा अनुमंडल प्रशासन फारबिसगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस पहल के माध्यम से समाज में बाल विवाह के प्रति जागरूकता फैलाने और इसके उन्मूलन के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करेंगे और बच्चों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा एवं बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।इस मौके पर अनुमंडलवासियों से अपील की गई कि बाल विवाह रोकने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है। लोग अपने परिवार और आसपास कम उम्र में विवाह की घटनाओं को रोकने के लिए सजग रहें तथा कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह मुक्त समाज निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि निरंतर जागरूकता और समाज के सहयोग से ही फारबिसगंज अनुमंडल सहित पूरे अररिया जिले को बाल विवाह मुक्त बनाया जा सकता है।