अररिया (बिहार) ◆बैरगाछी ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत बोची पंचायत के मदरसा के समीप 33 हजार वोल्ट के बिजली खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहे बिजली मिस्त्री की करंट लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बिजली विभाग को दी। लेकिन घटना के 2 घंटा बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे और बिजली मिस्त्री का शव बिजली के पोल पर 4 घंटे तक हवा में झूलता रहा। मिस्त्री शटडाउन की सूचना के बाद पोल पर चढ़ा था फिर भी किसी ने लाइन दे दी। परिजन व स्थानीय लोगों ने अररिया-कुर्साकांटा मार्ग दो घंटे तक जाम कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बैरगाछी ओपी थाना पुलिस व अनुमंडल पदाधिकारी शैलेश चंद्र दिवाकर ने आक्रोशित लोगों को समझाते हुए पीड़ित परिजनों को उचित मुआवजा देने की बात कही। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम हटाया। मृत बिजली मिस्त्री की पहचान रामपुर मोहनपुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड-10 निवासी जन उद्दीन के 38 वर्षीय पुत्र मोहम्मद जसीम के रूप में हुई है। मृत बिजली मिस्त्री के सहयोगी मोहम्मद अजहर ने कहा कि जसीम ने बिजली ऑफिस में फोन कर के शटडाउन लिया था। शटडाउन लेने के बाद मोहम्मद जसीम बिजली के पोल पर जैसे ही चढ़कर फेज बनाने के लिए बैठे, वैसे ही लाइन दे दिया गया। जिसके बाद मोहम्मद जसीम के शरीर से धुआं उठने लगा और मोहम्मद जसीम पोल पर हवा में लटके रह गए। जिसके बाद शोर-शराबा सुनकर घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रशांत कुमार ने कहा कि मानव बल मोहम्मद जसीम ने शटडाउन लेकर 33 हजार वोल्ट के पोल पर चढ़ने की बात कही थी। इसी दौरान किसी ने लाइन दे दी। अब यह जांच का विषय है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टिंग
टिंकू दास गुप्ता
ब्लॉक ब्यूरो चीफ,अररिया,बिहार