सड़क हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत: बाइक से बाजार से लौट रहे थे दोनों, तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से हुआ हादसा

पूर्णिया (बिहार) ◆ पूर्णिया के धमदाहा-पूर्णिया स्टेट हाइवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रविवार की देर रात करीब 10 बजे लोहिया चौक के पास घटी है। हादसा इतना जबरदस्त था कि न सिर्फ बाइक के परखच्चे उड़ गए बल्कि मौके पर ही बाइक सवार दोनों युवकों ने तड़प कर दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया है। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक मीरगंज थानाक्षेत्र के घरारी गांव के ही रहने वाले थे। मृतकों की पहचान अनमोल यादव के 18 वर्षीय बेटे छोटू कुमार और कलामन यादव के बेटे सुनील कुमार यादव के रूप में हुई है। मृतक के परिजन अनमोल यादव ने बताया कि दोनों दोस्त धमदाहा बाजार से घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान लोहिया चौक के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया।वहीं मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना स्थानीय धमदाहा थाना को दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीएमसीच भेजा जा रहा है।

रिपोर्टिंग
सुनिल कुमार यादव
स्टेट ब्यूरो चीफ, बिहार