पीएम मोदी को मिला फ्रांस का सर्वोच्च सम्मान: यह ऑनर पाने वाले पहले भारतीय पीएम

पेरिस (फ्रांस) ◆ फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार देर रात PM मोदी को अपने देश का सबसे बड़ा सम्मान दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के दो दिन के दौरे पर हैं। पेरिस के प्रेसिडेंट पैलेस में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार देर रात उन्हें देश के सर्वोच्च सम्मान ‘द ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से नवाजा। वे यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय पीएम बन गए हैं।

पीएम मोदी भारतीय समयानुसार शाम 4 बजे पेरिस पहुंचे। इसके बाद उन्होंने यहां के ला सीन म्यूजिकल में भारतवंशियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'फ्रांस आना घर आने जैसा है। भारत के लोग जहां जाते हैं मिनी इंडिया बना लेते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं संकल्प लेता हूं कि शरीर का हर कण, कण आपके लिए है। वर्ल्ड ऑर्डर में भारत खास रोल निभा रहा है। हर चुनौती से निपटने में भारत का अनुभव और प्रयास दुनिया के लिए मददगार साबित हो रहा है।' ला सीन म्यूजिकल में भारतवंशियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।