अररिया (बिहार) ◆ अररिया जिला मुख्यालय होकर गुजरने वाली फोरलेन एनएच-57 पर स्टेशन मोड़ के समीप पुल के अप्रोच पथ पर एक बड़ा होल बन जाने से किसी बड़े हादसे की आशंका लोगों को सता रही है। ये होल देखकर लग रहा कि ये रेन कट की वजह से बना है। यदि इसे ठीक नही किया गया, तो लगातार हो रही बारिश से और ज्यादा बड़ा होल होने का खतरा हो सकता है। इसकी वजह से एप्रोच पथ धस भी सकता है। मामले से अधिकारी लोग बेखबर बने बैठे हैं। अगर समय रहते एनएच-57 पर बने होल को बंद नहीं किया गया तो, यहां कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस्ट- वेस्ट कॉरिडोर फोरलेन के एन एच-57 पर स्टेशन मोड़ के समीप पुल पर पिछले दो-चार दिन हुई बारिश के कारण पुल पर एक बड़ा होल बन गया है। पुल पर बना होल लगभग 1 फीट फैल गया है। इसके बावजूद मरम्मत कार्य नहीं हो रहा है। इस सड़क पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में बड़े वाहन आते-जाते हैं। दिन में तो यह होल दिखाई देता है, लेकिन रात के समय कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद इस संवेदनशील स्थान पर एन एच आई के जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ रही है। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर एनएच-57 पर बड़े-बड़े गड्ढे भी हैं। जिसमें बरसात के मौसम में पानी भर जाने के कारण गड्ढा दिखाई नहीं देता है। छोटे वाहन चालक दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं। कई महत्वपूर्ण जगहों को जोड़ने वाली यह सड़क कई राज्यों को एक सूत्र में बांधती है । साथ ही यह मार्ग नेपाल को जोड़ता है। जल्द ही पुल पर बने होल को दुरुस्त नहीं किया गया, तो लंबी दूरी की बस व मालवाहक ट्रकों को परेशानी से गुजरना पड़ सकता है। वाहनों के मार्ग में फेरबदल किया जायेगा, तो शहर में जाम की समस्या बन सकती है। एन एच आई के जीएम नंदू ऑटोटकर ने बताया कि जल्द से जल्द इस्ट- वेस्ट कॉरिडोर फोरलेन के एनएच-57 पर स्टेशन मोड़ के समीप पुल पर बने होल को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
रिपोर्टिंग
टिंकू दास गुप्ता
ब्लॉक ब्यूरो चीफ, अररिया,बिहार