अररिया (बिहार) ◆पश्चिमी विक्षोभ व बंगाल की खाड़ी से आ रही सर्द हवा के कारण बुधवार को जिले में अहले सुबह से 12 बजे दिन तक आसमान में बादल छाए रहे। इस बीच 2 मिलीमीटर बारिश व 4 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली हवा ने लोगों को अधिक ठंड महसूस कराया। हालांकि दोपहर में तेज धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बिहार में आगामी तीन दिन तक मौसम शुष्क रहने व कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है।मौसम में हो रहे परिवर्तन को देखते हुए कृषि विज्ञान केन्द्र के मौसम वैज्ञानिक प्रभात कुमार ने आज जिले में 6 मिलीमीटर बारिश व 9 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा चलने की पूर्वानुमान बताया है। ऐसे में इस बारिश के कारण एक बार फिर से ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम में हुए परिवर्तन के कारण लोगों को एक बार फिर ठंड का सामना करना पड़ सकता है। गुरुवार को भी तेज रफ्तार की हवा के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। बारिश होने से दलहन व तिलहन के फसलों को नुकसान होने की संभावना बढ़ गई है। मौसम
में परिवर्तन होने से तापमान भी गिरावट दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान भी गिरकर 24 डिग्री रहने की संभावना है। अगले दो-चार दिनों तक तापमान में गिरावट देखने को मिल सकता है।मौसम विभाग का पूर्वानुमान अगर सत्य हुआ तो दलहन, तिलहन व आम के मंजर को नुकसान हो सकता है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक प्रभात कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मकई व गेहूं की खेती करने वाले किसानों को खेत में पटवन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने बताया कि बारिश होने से स्वतः ही खेत में नमी आ जाएगी। मौसम ठीक होने पर आम के मंजर में लोग सल्फर का छिड़काव कर सकते हैं ।
रिपोर्टिंग
टिंकू दास गुप्ता
जिला,ब्यूरो चीफ, अररिया,बिहार