पूर्णिया (बिहार) ◆पूर्णिया में 18 जुलाई को पुलिस गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। मामले में अबतक आरोपी पुलिस वालों की गिरफ्तारी न होने से नाराज लोगों ने सोमवार को विरोध जताया।लोगों ने आरएन साह चौक को 2 घंटे के लिए जाम कर दिया। अरेस्टिंग और मुआवजे की मांग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदर्शन किया।प्रदर्शन में पीड़ित परिजन को सैकड़ों लोगों का समर्थन रहा ।समूचे घटनाक्रम पर पुलिस के उदासीन रवैये से नाराज लोग कैंडल मार्च के साथ आरएन साह चौक पहुंचे। पुलिस वैन की टक्कर में मारे गए मो. शहबाज को श्रद्धांजलि दी। इंसाफ की मांग करते हुए कैंडल और तख्तियां लिए चौराहे के चारों और बीच सड़क पर बैठ गए। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।आक्रोशित लोगों ने आरएन साह चौक से गुजर रही बसों को रोक लिया।प्रदर्शन में बड़ी तादाद में लड़कियां और महिलाएं भी शामिल रहीं। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के
कारण आरएन साह चौक से टैक्सी स्टैंड रोड तक गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। बस स्टैंड रोड, कचहरी, भट्टा बाजार मार्ग पर भी आवागमन 2 घंटे तक बाधित रहा।इधर जाम की खबर मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर बुलाना पड़ा। सहायक खजांची थाना, मरंगा थाना, भट्टा टीओपी थाना, के.हाट थाना, मधुबनी थाना, फणीश्वरनाथ रेणु टीओपी की पुलिस के अलावा सशस्त्र बल मौके पर बुलाना पड़ा। लोगों का उग्र प्रदर्शन देख पूर्णिया एसडीओ पार्थ गुप्ता,एएसपी आलोक रंजन, ट्रैफिक डीएसपी कौशल किशोर कमल के अलावा 6 थाना के थानाध्यक्ष और प्रभारी लोगों को समझाने में जुटे रहे। आखिर में एसडीओ पार्थ गुप्ता ने लोगों को आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजन माने और फिर जाम को बीच सड़क से हटाया जा सका।घटना की जानकारी देते हुए मृतक के पिता मो. हासिम ने बताया कि शुक्रवार की रात पुलिस बोर्ड लगे बोलेरो ने अलग-अलग जगहों पर 5 लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बेटे की मौत हो गई थी। कार ने पहली टक्कर टैक्सी स्टैंड रोड में बाइक सवार को मारी थी। युवक घायल हो गया था। हादसे के बाद चालक लोगों से बचने के लिए मौके से भागने लगा। रफ्तार काफी तेज थी। उसे लगा कि लोग उसका पीछा कर रहे हैं। इसलिए वो तेजी से भागने की कोशिश कर रहा था। 3 किमी बाद खुश्कीबाग ओवरब्रिज के पास चालक ने फिर एक ई-रिक्शा और बाइक सवार को टक्कर मार दी। बाइक पर दो लोग सवार थे, इनमें से एक उनका बेटा था, जिसकी इस हादसे में जान चली गई। वहीं, ई-रिक्शा पर सवार 2 लोग भी जख्मी हो गए। हादसे के बाद पुलिस वाले अस्पताल पहुंचाने के बजाए फरार हो गए।मामले की शिकायत लेकर सदर थाना गए। वहां पुलिस की गाड़ी लगी थी। मगर पुलिस ने कोई खास रिस्पॉन्स नहीं लिया।इस घटना को 4 दिन हो गए, इसके बाद भी आरोपी पुलिस वालों की गिरफ्तारी नहीं हुई।एसडीओ पार्थ गुप्ता ने कहा कि मैं इस घटना से दुखी हूं। मृतक के परिजन के साथ मेरी सहानुभूति है। आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।कड़ी कार्रवाई की जाएगी और मृतक के परिजन को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया जाएगा।
रिपोर्टिंग
टिंकू दास गुप्ता
असिस्टेंट स्टेट ब्यूरो चीफ, बिहार