अररिया सांसद की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक

अररिया (बिहार) ◆अररिया में लोकसभा सांसद प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक हुई। समाहरणालय के परमान सभागार में आयोजित इस बैठक में विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया। सांसद ने अधिकारियों को सभी योजनाओं को समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।बैठक की शुरुआत जिला पदाधिकारी विनोद दूहन द्वारा सांसद को पौधा भेंट कर स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर विधायक आबिदुर रहमान, मोहम्मद मुर्शीद आलम,अविनाश मंगलम, देवयंती देवी, मनोज कुमार विश्वास और जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम पप्पू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक में पूर्व दिशा बैठकों में दिए गए निर्देशों की विभागवार गहन समीक्षा की गई।सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में चल रही सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। सांसद ने नवनिर्मित सड़कों के किनारों पर पौधारोपण और मिट्टी भराई को प्राथमिकता देने तथा सभी पुल-पुलियों और सरकारी भवनों पर नेम प्लेट लगवाने के भी निर्देश दिए।बैठक में अवैध नर्सिंग होम की जांच के लिए एक समिति गठित करने का आदेश दिया गया। साथ ही, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों की नियमित जांच कराने और कम राशन वितरण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सांसद ने हर तीन महीने में दिशा बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करने की बात भी दोहराई।पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से ग्रामीण कार्य विभाग, कृषि,शिक्षा, स्वास्थ्य, पथ निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण), पीएचईडी, आईसीडीएस, विद्युत और पंचायत राज सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी साझा की गई। समीक्षा के दौरान उपस्थित सदस्यों ने सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए ।बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन,सिविल सर्जन, सभी कार्यपालक अभियंता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सांसद ने अधिकारियों से सक्रियता बरतने और विकास कार्यों को जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप तेज करने की अपील की।

रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार