अररिया में 2175 बोतल कोडीन सिरप जब्त

अररिया (बिहार) ◆अररिया नगर थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2175 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कमलदहा इलाके में एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार ( BR 01 FM 8314) को रोका गया। हालांकि, वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।पुलिस ने इसके बाद कार की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 9 बोरे, पिछली सीट से 4 बोरे और चालक के बगल वाली सीट से 2 बोरे बरामद हुए। कुल 15 सफेद प्लास्टिक के बोरों में कोडीन युक्त कफ सिरप की बोतलें भरी हुई थीं।जांच में कुल 2175 बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल 100 ग्राम की थी, जिसका कुल वजन 210.500 लीटर निकला। पुलिस के अनुसार, यह कोडीन आधारित कफ सिरप प्रतिबंधित दवाओं की श्रेणी में आता है, जिसका उपयोग नशे के लिए किया जाता है और यह गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा करता है। बिहार सरकार ने ऐसे नशीले सिरप की बिक्री और तस्करी पर सख्त प्रतिबंध लगा रखा है। इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या 55/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह बड़ी खेप कहाँ से लाई जा रही थी, इसका अंतिम गंतव्य क्या था और इस तस्करी के नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि नशे के
खिलाफ उनकी 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत ऐसी कार्रवाई
लगातार जारी रहेगी। अररिया जिले में पहले भी कोडीन सिरप
की कई बड़ी खेप पकड़ी जा चुकी हैं, जो क्षेत्र में अवैध नशीले
पदार्थों के सक्रिय नेटवर्क को दर्शाता है।स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस की इस सफलता की सराहना की है। उन्होंने मांग की है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाए ताकि युवा पीढ़ी को इस खतरनाक नशे से बचाया जा सके।

रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार