अररिया (बिहार) ◆अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र में बिहार सरकार की शराबबंदी नीति को सख्ती से लागू करने की दिशा में पुलिस ने एक बड़ी सफल कार्रवाई की है। विशेष अभियान और छापेमारी में पुलिस ने 22 वर्षीय सुमित कुमार मंडल को अवैध नेपाली रेशम लीची शराब के साथ गिरफ्तार किया।आरोपी सुमित कुमार मंडल, पिता 0 सत्य नारायण मंडल , निवासी वार्ड नंबर 03, कनखुदिया है। पुलिस ने उसके घर से 30 बोतल रेशम लीची नेपाली शराब बरामद की। इन बोतलों से कुल 9 लीटर अवैध शराब जब्त हुईथानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बिहार शराबबंदी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने कहा कि नेपाल सीमा से सटे होने के कारण इस क्षेत्र में नेपाली शराब की तस्करी लगातार चुनौती बनी हुई है। 'रेशम लीची' जैसी नेपाली ब्रांड की शराब अक्सर पकड़ी जाती है, लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार गश्त से तस्करों पर नकेल कसी जा रही है।बिहार में वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है, फिर भी सीमावर्ती इलाकों में अवैध आपूर्ति का सिलसिला जारी है। पुलिस गुप्त सूचनाओं पर आधारित रेड और बढ़ी हुई गश्त से तस्करी को रोकने के प्रयास तेज कर रही है। यह कार्रवाई शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।