अररिया (बिहार) ◆पलासी (ए.सं.) – प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। नामांकन के पहले दिन कुल 82 अभ्यर्थियों ने अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 18 तथा सदस्य पद के लिए 64उम्मीदवार शामिल हैं। एआरओ अखिलेश कुमार ने बताया कि शनिवार नामांकन का अंतिम दिन है। वहीं आरओ सह बीडीओ आदित्य प्रकाश ने बताया कि प्रखंड के धर्मगंज, पीपरा बिजवार, चहटपुर, कनखूदिया, ब्रह्कुम्बा, सोहंदर, नकटा खुर्द, मियांपुर, बरदबट्टा, पेचैली और रामनगर पंचायतों में 18 मार्च को मतदान कराया जाएगा, जबकि 19 मार्च को मतगणना होगी।
अध्यक्ष पद के लिए विभिन्न पंचायतों से कई उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। बरदबट्टा पैक्स से सुखदेव मंडल और संतोष कुमार मंडल, पीपरा बिजवार से दयानंद चौधरी और अजित कपूर राही, नकटा खुर्द से प्रदीप कुमार यादव और मदन कुमार यादव, चहटपुर से मोहम्मद नवाजिश और आफाक आलम, धर्मगंज से एकेश्वर यादव और प्रकाश यादव ने नामांकन किया।इसी तरह कनखूदिया से युगेश चौधरी, ब्रह्कुम्बा से आशुतोष कुमार, पेचैली से जवादुल हक तथा मियांपुर से सबा जुबेर, जुलकर नैन और जुबेर आलम सहित कई अन्य अभ्यर्थियों ने भी अध्यक्ष पद के लिए पर्चा दाखिल किया।नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस मौके पर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, एआरओ कुमुद सिंह, बीसीओ प्रभात कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।