पलासी में होली को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, हुड़दंगियों पर सख्ती और डीजे पर प्रतिबंध

अररिया (बिहार) ◆पलासी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से पलासी पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने मुख्य बाजार, चौक-चौराहों एवं संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। फ्लैग मार्च में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) भी मौजूद रहे। उन्होंने आम जनता से पर्व को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि होली के दौरान हुड़दंग करने वालों और शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन द्वारा डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना की और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने का भरोसा दिलाया।पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि नियमों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है, ताकि होली का पर्व हर्षोल्लास और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।