अररिया (बिहार) ◆अररिया मदनपुर थाना क्षेत्र के संथाली घाट स्थित बांस के बने चचरी पुल पर बुधवार सुबह नामांकन कराने जा रहे तीन छात्रों के साथ मारपीट एवं छिनतई की घटना सामने आई है। इस मामले को लेकर भिखाहा पंचायत निवासी सुनिल कुमार सिंह ने मदनपुर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।दिए गए आवेदन में सुनिल कुमार सिंह ने बताया कि उनका पुत्र सरोज Kumar सिंह, उम्र 16 वर्ष, बुधवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे उच्च विद्यालय मदनपुर नामांकन कराने जा रहा था।उनके साथ श्रीवल कुमार सिंह तथा नीरज कुमार सिंह भी विद्यालय जा रहे थे।इसी दौरान संथाली घाट स्थित बांस के बने चचरी पुल के बीच रास्ते में कुछ लोगों ने तीनों को रोक लिया।आरोप है कि जुबेर आलम, मुनवा आलम एवं जुनवा आलम ने जबरन रुपये की मांग की।छात्रों द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर आरोपितों ने बांस के फट्टे से बेरहमी से पिटाई कर दी।मारपीट में सरोज कुमार सिंह के बाएं कनपटी पर गंभीर चोट आई है।वहीं अन्य दो छात्रों को भी मारपीट कर जख्मी कर दिया गया।घटना के दौरान सरोज के पास मौजूद पांच हजार रुपये नगद भी छीन लेने का आरोप लगाया गया है।इसके अलावा गले में पहना चांदी का लॉकेट भी आरोपितों द्वारा ले लेने की बात आवेदन में कही गई है।घटना के बाद घायल छात्रों को परिजनों द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलासी लाया गया।जहां चिकित्सकों ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया।आवेदन के साथ अस्पताल का उपचार पर्चा भी संलग्न किया गया है।पीड़ित पिता ने कहा कि उनका पुत्र विद्यालय में नामांकन कराने जा रहा था, तभी रास्ते में सुनियोजित ढंग से हमला किया गया।घटना से परिजनों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।स्थानीय लोगों ने भी विद्यालय जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर चिंता जताई है।पीड़ित परिवार ने थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।साथ ही आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।