मुहर्रम पर्व को लेकर पलासी थाना में शांति समिति की बैठक, लाइसेंस के बिना जुलूस व डीजे पर रहेगी पूर्ण रोक

अररिया (बिहार) ◆पलासी (अररिया)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर रविवार को पलासी थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ताजिया कमेटी के सदस्यों तथा स्थानीय गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने कहा कि मुहर्रम पर्व आपसी भाईचारे और शांति का प्रतीक है। सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बिना प्रशासनिक लाइसेंस के किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही डीजे बजाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अंचल अधिकारी सुशील कांत सिंह ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है। संवेदनशील एवं प्रमुख स्थलों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी ताजिया कमेटियों एवं अखाड़ों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार की गतिविधि संचालित नहीं की जा सकेगी।बैठक में मौजूद लोगों से प्रशासन ने अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचने की भी सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा लगातार निगरानी रखी जाएगी।इस अवसर पर मुखिया बबलू रागीब सहित विभिन्न ताजिया कमेटियों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा मुहर्रम पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के लोग आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ पर्व मनाकर एक सकारात्मक संदेश देंगे।