अररिया (बिहार) ◆पलासी थाना पुलिस ने विवाहिता नविता देवी हत्याकांड का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी पति गौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी को जोकीहाट थाना क्षेत्र के महलगांव स्थित मधेली गांव से दबोच लिया। इस दौरान पुलिस ने दंपती के चार वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार को भी सकुशल बरामद कर लिया है।थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस मामले में मृतका की मां गीता देवी के बयान पर पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में मृतका के पति गौरभ कुमार, ससुर कृत्यानंद विश्वास, सास गौरी देवी, सौरभ कुमार, संतोषी देवी, गौतम मंडल तथा झुब्बा मंडल को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।आरोप है कि सभी नामजद अभियुक्तों ने मिलकर तीन जून की रात नविता देवी की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को गंगझाली सुरकिया धार के पास फेंक दिया। घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को चार जून की सुबह मिली। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
विवाहिता हत्या कांड का खुलासा, पति गिरफ्तार, चार वर्षीय पुत्र बरामद
6/05/2026 07:21:00 pm