अररिया (बिहार) ◆अररिया जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत आरएस थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन से 1180 बोतल प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया। इस कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वाहन में सवार अन्य तस्कर अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष समकालीन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में आरएस थाना पुलिस चंद्रदेई बाजार के समीप वाहनों की जांच कर रही थी।इसी दौरान चंद्रदेई हाट की ओर से तेज गति से आ रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखकर वाहन चालक और उसमें सवार अन्य लोग स्कॉर्पियो छोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया और एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि अन्य आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 1180 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया, जिसकी कुल मात्रा 118 लीटर बताई गई है। पुलिस ने मौके से कफ सिरप की खेप के साथ स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान अररिया जिले के बांसवाड़ी वार्ड संख्या-8 निवासी आशिक के रूप में हुई है। इस मामले में आरएस थाना कांड संख्या-162/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा प्रतिबंधित कफ सिरप की यह खेप कहां से लाई गई थी और किस स्थान पर पहुंचाई जानी थी।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस पूरे गिरोह का खुलासा कर लिया जाएगा।
रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार