अररिया में एनएच-27 किनारे युवक की निर्मम हत्या, पेट और गर्दन पर चाकू के कई वार, जांच में जुटी पुलिस

अररिया (बिहार) ◆अररिया जिले के हरियाबाड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (एनएच-27) के किनारे एक 25 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। युवक खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे तत्काल सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान हरियाबाड़ा वार्ड संख्या-09 निवासी मो. शरीफ के 25 वर्षीय पुत्र समीउल्लाह के रूप में हुई है। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।परिजनों के अनुसार, समीउल्लाह अपने घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर एनएच-27 के किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। उसके पेट और गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे वार के निशान थे। परिजनों का आरोप है कि आपसी विवाद में उसकी चाकू मारकर हत्या की गई और आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुशील कुमार तथा आरएस थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि हरियाबाड़ा एनएच-27 के पास एक युवक को चाकू मारकर घायल किए जाने की सूचना मिली थी। अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार