स्कूल बना चोरों का निशाना: दो दिन में दो बार वार, मध्य विद्यालय दीपनगर से पंखे, राशन और बिजली का सामान गायब

अररिया (बिहार) ◆पलासी थाना क्षेत्र के दीपनगर स्थित मध्य विद्यालय में अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने विद्यालय के कई कमरों का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, दो दिन बाद फिर से विद्यालय में घुसने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता के कारण चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।विद्यालय की प्रधान शिक्षिका मौसमी कुमारी ने पलासी थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि 3 अगस्त 2026 को जब विद्यालय खोला गया तो कई कमरों के ताले टूटे मिले। जांच करने पर पता चला कि चोर लगभग 20 सीलिंग पंखे, बिजली के तार, होल्डर, बल्ब, स्विच बोर्ड तथा मध्याह्न भोजन के लिए रखे दाल-चावल सहित अन्य खाद्य सामग्री चोरी कर ले गए। वहीं कक्षा एक से पांच तक की लोहे की खिड़कियों और एक लोहे के गेट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव, अध्यक्ष और ग्रामीण विद्यालय पहुंचे तथा पूरे परिसर का निरीक्षण किया। चोरी की इस घटना से ग्रामीणों और अभिभावकों में भी नाराजगी देखी गई।इधर, 5 अगस्त 2026 की रात चोरों ने एक बार फिर विद्यालय को निशाना बनाने की कोशिश की। इस बार कार्यालय कक्ष का ताला तोड़ने का प्रयास किया गया। ताला टूटने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जाग गए और शोर मचाया। ग्रामीणों की आहट मिलते ही अज्ञात चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।प्रधान शिक्षिका ने आवेदन में चोरों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने तथा विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और सरकारी संपत्ति दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।
पलासी थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि विद्यालय में चोरी और चोरी के प्रयास की घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दोषियों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।