अररिया (बिहार) ◆पलासी (अररिया)। पलासी प्रखंड की चौरी पंचायत सरकार भवन में बुधवार को राज्य सरकार के "सबका सम्मान–जीवन आसान" अभियान के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। सुबह से ही पंचायत सरकार भवन में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आम लोगों की शिकायतें सुनकर कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया।
शिविर की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार अनिकेत ने की। इस दौरान अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह, राजस्व पदाधिकारी विदिशा सिंह, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, बीपीआरओ अखिलेश कुमार, पीओ अख्तर आलम, बीपीओ शब्बीर आलम, एमओ कुमुद सिंह, बीएओ अनुराग विश्वास, पंचायत के मुखिया कृपानंद सिंह सरदार, सरपंच मनोज साह, समाजसेवी मनोज मंडल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।शिविर में स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, मनरेगा, मत्स्य, आयुष्मान भारत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जाति, आय एवं निवास प्रमाण-पत्र, थाना, आंगनबाड़ी सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं संबंधित काउंटरों पर दर्ज कराईं और अधिकारियों से समाधान की मांग की।
पूर्व में किए गए व्यापक प्रचार-प्रसार के कारण शिविर में लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर नियमों के अनुरूप शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और उन्हें पंचायत स्तर पर ही समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध हों।प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार अनिकेत ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा आम नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी एवं त्वरित समाधान करना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा भविष्य में आयोजित होने वाले ऐसे शिविरों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपलब्धता को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे समय और धन दोनों की बचत हुई है तथा सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच पहले की अपेक्षा अधिक आसान और प्रभावी बनी है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे सहयोग शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।