अररिया (बिहार) ◆पलासी प्रखंड बाजार स्थित काली मंदिर प्रांगण में बाजार दुकानदार संघ का चुनाव लोकतांत्रिक एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव में व्यापारियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पूरे चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बना रहा और मतदान से लेकर मतगणना तक सभी प्रक्रियाएं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुईं।चुनाव की अध्यक्षता महेंद्र प्रसाद यादव ने की। अध्यक्ष पद के लिए हुए बेहद रोमांचक मुकाबले में तारीक मोबिन उर्फ चुन्ना ने 79 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अरुण मंडल को मात्र तीन मतों के अंतर से पराजित किया। अरुण मंडल को 76 मत मिले।सचिव पद पर विनोद कुमार साह ने 80 मत हासिल कर जीत दर्ज की। इस पद के लिए संजय पंजियार को 74 मत प्राप्त हुए। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर रुपेश तत्मा ने 85 मत प्राप्त कर विजय हासिल की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सदानंद मंडल को 71 मत मिले।मतगणना पूरी होने के बाद जैसे ही परिणामों की घोषणा हुई, बाजार परिसर में खुशी का माहौल बन गया। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे बाजार के दुकानदारों की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, बाजार के विकास, आपसी समन्वय तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाएगा।चुनाव के दौरान व्यापारियों ने आपसी भाईचारे और लोकतांत्रिक परंपरा का परिचय देते हुए मतदान प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख सदानंद यादव, बिहारी ठाकुर, देवनारायण साह, पूर्व मुखिया प्रमोद साह, परवेज आलम, शिव शंकर मांझी, लक्ष्मण ठाकुर, सुरेश साह, पूर्व मुखिया रामानंद मंडल सहित बड़ी संख्या में दुकानदार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पलासी बाजार दुकानदार संघ को मिला नया नेतृत्व, कड़े मुकाबले के बाद चुने गए अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष
8/07/2026 05:49:00 pm