अररिया (बिहार) ◆पलासी थाना क्षेत्र में सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मामले में रविंद्र कुमार मंडल समेत कई पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है। शिकायत के आधार पर पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपितों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें योजना का पात्र लाभुक बनाने और सरकारी लाभ दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद अलग-अलग लोगों से नगद राशि ली गई।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कई लोगों से 45 हजार रुपये से लेकर 1.50 लाख रुपये तक की राशि ली गई। शिकायत में सुन्नी देवी, आनंद मिस्त्री, नीरज कुमार मंडल, अरुण कुमार, हरिलाल समेत कई लोगों से अलग-अलग रकम लिए जाने का उल्लेख किया गया है।रकम लेने के बाद न तो उन्हें सरकारी योजना का लाभ मिला और न ही उनकी राशि वापस की गई। काफी समय बीतने के बाद जब लोगों ने आरोपितों से राशि वापस मांगनी शुरू की तो आरोपित द्वारा टालमटोल किया जाने लगा।इसके बाद पीड़ितों ने आपस में संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि कई अन्य लोगों से भी इसी तरह राशि लिए जाने की जानकारी सामने आई है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पलासी थाना कांड संख्या 330/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गई है।पुलिस मामले में रुपये के लेन-देन, शिकायत में बताए गए लोगों की भूमिका और कथित सरकारी योजना से जुड़े दावों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में सरकारी योजनाओं के नाम पर कथित रूप से पैसा वसूले जाने को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, पलासी थाने में प्राथमिकी दर्ज
8/09/2026 09:52:00 pm