पलासी प्रखंड परिसर में जनता दरबार, 11 मामलों की हुई सुनवाई, सात का मौके पर निष्पादन

अररिया (बिहार) ◆पलासी। प्रखंड परिसर में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पदाधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों के दस्तावेज और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की।जनता दरबार में अंचल अधिकारी अंशु कुमार, प्रखंड प्रभारी सह वरीय पदाधिकारी अभिजीत कुमार, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। अंचल निरीक्षक पवन पंडित और मुशर्रफ आलम समेत कार्यालय सहायक एवं अन्य कर्मियों ने भी मामलों के निष्पादन में सहयोग किया।जनता दरबार के दौरान कुल 11 मामलों की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने मामलों से जुड़े दोनों पक्षों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सुनवाई के बाद सात मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन कर दिया गया। इससे संबंधित फरियादियों को तत्काल राहत मिली और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिली।वहीं, शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता की शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनकर उसका त्वरित एवं नियमानुसार समाधान किया जा रहा है।जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। प्रशासन की इस पहल को लेकर ग्रामीणों में भी उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखने और उनके समाधान की उम्मीद बढ़ती है पदाधिकारियों ने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए इस तरह के जनता दरबार का आयोजन आगे भी जारी रखा जाएगा।