अररिया (बिहार) ◆अररिया। जिले के पलासी, भरगामा और जोकीहाट प्रखंडों में मंगलवार, 11 अगस्त को अलग-अलग समय पर बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। बिजली विभाग की ओर से विभिन्न फीडरों में रखरखाव, कंडक्टर स्ट्रिंग और विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की छंटाई का कार्य कराया जाएगा। इस दौरान संबंधित फीडरों से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।पलासी के सहायक विद्युत अभियंता जीकेश कुमार ने बताया कि न्यू 33 केवी पलासी फीडर में कंडक्टर स्ट्रिंग का कार्य प्रस्तावित है। सुरक्षा के मद्देनजर 11 केवी पलासी फीडर एवं 11 केवी श्यामपुर फीडर की बिजली आपूर्ति सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बंद रहेगी। इससे दोनों फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी।वहीं, रानीगंज के सहायक विद्युत अभियंता निशांत कुमार के अनुसार, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक 33 केवी भरगामा एवं खजुरी फीडर में रखरखाव तथा पेड़ों की छंटाई का कार्य किया जाएगा। इस दौरान विद्युत शक्ति उपकेंद्र भरगामा और खजुरी से जुड़े सभी 11 केवी फीडरों की आपूर्ति बंद रहेगी।इधर, जोकीहाट के कनीय विद्युत अभियंता राज नारायण ठाकुर ने बताया कि सुबह 8 बजे से 10 बजे तक 11 केवी जोकीहाट फीडर में रखरखाव एवं पेड़ों की छंटाई का कार्य होगा। इस दौरान जोकीहाट विद्युत शक्ति उपकेंद्र के फीडर से जुड़े सभी ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित शटडाउन को देखते हुए पानी भरने, मोबाइल व लैपटॉप चार्ज करने सहित बिजली से जुड़े जरूरी काम पहले ही पूरा कर लें। विभाग के अनुसार, कार्य समाप्त होते ही संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
अररिया के तीन प्रखंडों में आज बिजली कटौती, सुबह से दोपहर तक प्रभावित रहेगी आपूर्ति
8/11/2026 07:40:00 am