अररिया (बिहार) ◆पलासी (अररिया)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पलासी प्रखंड के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस दौरान लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया।पलासी थाना परिसर में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने राष्ट्रगान गाया और देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लिया।
वहीं, पलासी उप स्वास्थ्य केंद्र में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। यहां डॉ. जहांगीर आलम सहित स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों एवं कर्मियों ने मिलकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस दौरान सभी ने देश की प्रगति एवं लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
प्रखंड के अन्य स्थानों पर भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जगह-जगह तिरंगा शान से लहराता नजर आया और लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।