अररिया (बिहार) ◆पलासी प्रखंड क्षेत्र के पशुपालक किसानों के लिए बड़ी पहल की गई है। कोसी डेयरी प्रोजेक्ट के तहत पलासी में 5000 लीटर क्षमता वाले बल्क मिल्क कूलर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दूहन ने किया। कूलर के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को दूध संग्रहण और शीतलीकरण की बेहतर सुविधा मिलेगी।जिलाधिकारी ने कहा कि दुग्ध उत्पादन किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। दुग्ध सहकारी समितियों और आधुनिक दूध संग्रहण व्यवस्था से किसानों को दूध का उचित मूल्य दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिक से अधिक पशुपालकों को दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों से जोड़ने तथा समितियों के माध्यम से नियमित दूध संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पहले दिन 450 लीटर दूध का हुआ संग्रहण
बल्क मिल्क कूलर के संचालन के पहले दिन 28 दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों द्वारा कुल 450 लीटर दूध उपलब्ध कराया गया। वहीं, जिले में नवगठित 19 दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों को दूध संग्रहण के लिए मिल्क कैन एवं दूध की गुणवत्ता जांच से संबंधित आवश्यक सामग्री और उपकरण उपलब्ध कराए गए।जिलाधिकारी ने पशुपालक किसानों से दुग्ध उत्पादन को स्थायी एवं अतिरिक्त आय का स्रोत बनाने तथा अधिक से अधिक किसानों को सहकारी व्यवस्था से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को दूध की गुणवत्ता और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।कार्यक्रम में एडीएम नवनीर कुमार, बीडीओ कुमार अनिकेत, सीओ अंशु कुमार सिंह, थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि सदानंद यादव, मुखिया रूबी साहेब, पीओ अख्तर आलम, कृषि बीओ अनुराग कुमार, सीडीपीओ सदानंद दास, कोसी डेयरी प्रोजेक्ट पूर्णिया के मुख्य कार्यपालक महताब आलम, एरिया इंचार्ज राजीव रंजन, एसओडी शुभ लाल मुखिया, पंकज कुमार, सागर कुमार, बीएएमसी लेव कर्णी राजन कुमार, संग्रहण प्रभारी दिनेश सिंह, राजा साह सचिव, पशु चिकित्सा पदाधिकारी उज्ज्वल कुमार, विक्रम कुमार, आदित्य कुमार, शत्रुघ्न कुमार, डीडीओ शिव नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान एवं समिति से जुड़े लोग मौजूद रहे।