अररिया (बिहार) ◆अररिया ओम नगर वार्ड नंबर 8बाबा गणिनाथ मंदिर में धूमधाम से मनाया गया गणिनाथ भगवान का पूजनोत्सव हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर की पूजा-अर्चना, भक्तिमय रहा माहौल अररिया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अररिया शहर के ओम नगर, वार्ड संख्या-8, बिजली ऑफिस के समीप स्थित बाबा गणिनाथ मंदिर परिसर में गणिनाथ भगवान का पूजनोत्सव पूरे श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। पूजनोत्सव को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।सुबह से ही बाबा गणिनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। हजारों की संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए और विधि-विधान के साथ बाबा गणिनाथ भगवान की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की।पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा गणिनाथ के जयकारे लगाए, जिससे आसपास का वातावरण गूंज उठा। पूजनोत्सव में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंचे और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति दीपक गुप्ता, विष्णु गुप्ता, चंदन शाह, अरविंद शाह, राजन गुप्ता, अंकित आनंद, रूपेश गुप्ता, आदित्य गुप्ता, मुकेश गुप्ता, शंभू गुप्ता, एवं मंदिर के पुजारी बिजेंदर झा, एवं अन्य सदस्यों, स्थानीय युवाओं एवं श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान रखा गया, ताकि पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।आयोजन समिति के सदस्य विष्णु कुमार गुप्ता ने कहा कि बाबा गणिनाथ भगवान का पूजनोत्सव प्रत्येक वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ विगत 20 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को अपनी परंपरा और संस्कृति से जोड़ना है।पूजनोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। भक्तों के बीच प्रसाद का भी वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार