पलासी जनता दरबार में 11 भूमि विवाद मामलों की सुनवाई, 5 का आपसी सहमति से निष्पादन

अररिया (बिहार) ◆पलासी। भूमि विवाद से संबंधित मामलों के त्वरित एवं आपसी सहमति से निष्पादन को लेकर शनिवार को पलासी प्रखंड मुख्यालय स्थित जनता दरबार में सुनवाई की गई। जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े कुल 11 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की मौजूदगी में सभी मामलों की सुनवाई करते हुए विवादों के समाधान का प्रयास किया।थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि जनता दरबार में प्राप्त 11 मामलों में से 5 मामलों का दोनों पक्षों की आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर निष्पादन कर दिया गया। वहीं, शेष मामलों में आवश्यक सुनवाई एवं प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उन्हें आगामी जनता दरबार में सुनवाई के लिए सुरक्षित रखा गया है।
जनता दरबार के दौरान अधिकारियों ने विवाद से जुड़े दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी। साथ ही उपलब्ध दस्तावेजों, कागजात एवं अन्य तथ्यों का अवलोकन करते हुए मामलों के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने पक्षकारों से आपसी सहमति के आधार पर विवादों का समाधान करने की अपील भी की।इस अवसर पर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, मुसरफ हुसैन, सीआई पवन पंडित सहित अन्य संबंधित कर्मी मौजूद थे।