प्राथमिक विद्यालय भट्टाबाड़ी हरिजन टोला में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती

अररिया (बिहार) ◆पलासी प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय भट्टाबाड़ी हरिजन टोला में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों तथा कुछ अभिभावकों ने भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की तस्वीर पर पुष्पमाला अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर बच्चों को महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों तथा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में उनके महत्वपूर्ण योगदान के बारे में विस्तार से बताया गया। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि गांधीजी ने सत्य, अहिंसा और शांति के मार्ग को अपनाकर देश की आजादी के आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने बिना हिंसा का सहारा लिए अंग्रेजी शासन के विरुद्ध जन-आंदोलन खड़ा किया और देशवासियों में स्वतंत्रता की भावना को मजबूत किया।शिक्षकों ने यह भी बताया कि गांधीजी समाज के सभी वर्गों के लोगों के समान अधिकार और सम्मान के पक्षधर थे। उन्होंने सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाई तथा स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद शाह ने गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा उनके बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए बच्चों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में मो0 एकरामुल हक, श्रीमती बिंदु भारती, श्रीमती फरीदा खातून, श्रीमती सीमा देवी एवं श्रीमती रेखा देवी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। गांधीजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बारे में जानकर बच्चे काफी प्रभावित हुए। अंत में सभी ने एक-दूसरे को गांधी जयंती की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने गांधीजी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम का समापन किया।