डीजे और अश्लील कार्यक्रम पर रोक, शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा मनाने पर बनी सहमति

मधेपुरा (बिहार) ◆मधेपुरा। दुर्गा पूजा को लेकर श्रीनगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न समुदायों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक में आपसी भाईचारगी और सौहार्द के साथ दशहरा पर्व मनाने पर सहमति बनी।थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने कहा कि पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। मंदिरों और पूजा पंडालों में डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पूजा पंडाल लगाने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने वाली समितियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।उन्होंने कहा कि दशहरा मेले और पूजा स्थलों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम पर किसी भी तरह के अश्लील कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।थानाध्यक्ष ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में आम लोगों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सभी समुदाय के लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व मनाएं और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।बैठक में एसआई विकास कुमार पासवान, मुंशी राजेंद्र कुमार, कामोज मिश्रा, उमाशंकर चौधरी, विनोद मंडल, प्रभु नारायण ठाकुर, मुन्ना अजीम, दबीर दानिश, लड्डू कुमार, नरेश साह, सरफराज आलम, एजाज आलम, वकील आलम, मिंटू चौधरी, निक्कू मिश्र, रोहित कुमार झा, विजय कुमार झा, देवन राय, मो. जहीम आलम, मो. जमशेद सहित अन्य लोग मौजूद थे।

रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह, मधेपुरा ,बिहार