जोकिहाट l महलगांव स्वास्थ्य केंद्र की राह जर्जर, मरीजों की बढ़ी परेशानी

अररिया (बिहार) ◆जोकिहाट  प्रखंड l के महलगांव स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) का भवन बनकर तैयार है, लेकिन अस्पताल तक पहुंचने वाला मार्ग जर्जर रहने से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में कठिनाई होती है। खासकर प्रसव के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं को अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने वाली सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। अस्पताल जैसी जरूरी सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद जर्जर रास्ते के कारण मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
सड़क की मरम्मत कराने की मांग
महलगांव वार्ड संख्या सात के मोहम्मद रज्जाक और ग्राम पारा वार्ड संख्या सात के मुस्ताक ने बताया कि अस्पताल का भवन बनने के बावजूद पहुंच मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। जर्जर सड़क से होकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचना मरीजों के लिए मुश्किल साबित हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की मरम्मत होने से मरीजों को राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
विभाग को पत्र के माध्यम से कराया गया अवगत
इस संबंध में स्वास्थ्य प्रबंधक नाजिश नियाज ने बताया कि महलगांव अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हो रही हैं। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी प्रतिदिन ओपीडी चलाते हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल तक पहुंचने वाले मार्ग की समस्या से संबंधित विभाग को पत्र के माध्यम से अवगत करा दिया गया है।
अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द पहल कर सड़क की मरम्मत कराएगा, ताकि मरीजों, गर्भवती महिलाओं और अन्य जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में परेशानी नहीं हो।

रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार