अररिया (बिहार) ◆अररिया। जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अररिया जिला एथलेटिक एसोसिएशन के नए पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया है। खेलप्रेमी एवं न्यूक्लियस पब्लिक स्कूल के निदेशक नितेश कुमार झा को अररिया जिला एथलेटिक एसोसिएशन का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वहीं, मासूम रजा को सचिव तथा माज आदिल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस मनोनयन की जानकारी बिहार एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव लियाकत अली द्वारा पत्र जारी कर दी गई।नितेश कुमार झा लंबे समय से जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके अध्यक्ष बनने से जिले के खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों में नई उम्मीद जगी है। खेल से जुड़े लोगों को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में एथलेटिक्स सहित अन्य खेल गतिविधियों को संगठित रूप से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही, स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा सकेगा।
वहीं, सचिव बनाए गए मासूम रजा भी जिले में खेल गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। वह जिला क्रीड़ा संघ और जिला फुटबॉल संघ के सचिव के रूप में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा खेल आयोजनों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके अनुभव से जिला एथलेटिक एसोसिएशन की गतिविधियों को व्यवस्थित करने में सहयोग मिलने की उम्मीद है।नए पदाधिकारियों के मनोनयन को जिले में खेलों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अररिया में ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक अनेक प्रतिभाशाली युवा मौजूद हैं, जिन्हें उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर जिला एवं राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने का मौका मिल सकता है। ऐसे में एसोसिएशन की भूमिका खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन और एथलेटिक्स के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण होगी।इस मनोनयन पर बासु दा, ओमप्रकाश जायसवाल, सत्येंद्र सहित अन्य लोगों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने और खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए सकारात्मक पहल करेगी।नवनियुक्त अध्यक्ष नितेश कुमार झा और सचिव मासूम रजा के सामने अब जिले में एथलेटिक्स को मजबूत करने, युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करने तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की अहम जिम्मेदारी होगी। खेलप्रेमियों को आशा है कि नए नेतृत्व में अररिया जिला एथलेटिक एसोसिएशन खेल गतिविधियों को नई दिशा देने की दिशा में काम करेगा।
रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार