मैट्रिक-इंटर परीक्षा 2027 की तैयारी तेज, अररिया में 61,866 परीक्षार्थी होंगे शामिल, 89 केंद्रों पर होगी परीक्षा

अररिया (बिहार) ◆अररिया । बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित होने वाली मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा-2027 को लेकर अररिया जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी परीक्षा में जिले के कुल 61,866 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इनमें मैट्रिक परीक्षा के 33,096 तथा इंटरमीडिएट परीक्षा के 28,770 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा के व्यवस्थित एवं सफल संचालन के लिए जिले में कुल 89 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें मैट्रिक के लिए 44 और इंटरमीडिएट के लिए 45 केंद्र बनाए गए हैं।परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में परीक्षा केंद्र चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के चयन, उनकी उपलब्धता तथा वहां मौजूद आधारभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता समय रहते सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।जिलाधिकारी ने केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में बेंच-डेस्क, स्वच्छ पेयजल, बिजली, साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छता, अनुशासन और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करें।डीएम ने स्पष्ट कहा कि मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जानी चाहिए। परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर कमियों को दूर कर लिया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित परीक्षा संचालन से जुड़े अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।