कार्तिक पूर्णिमा पर बराह बाबा मंदिर में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुरक्षा के लिए 50 से अधिक पुलिस जवान तैनात

पूर्णिया (बिहार) ◆भवानीपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भवानीपुर प्रखंड मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित प्रदेश के प्रसिद्ध बराह बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। मंदिर परिसर से लेकर मुख्य मार्ग तक निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।भवानीपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष दीपक कुमार गौतम ने बताया कि मंदिर के गर्भगृह और परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मंदिर आने-जाने वाले मुख्य मार्ग पर दो स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला मुख्यालय से 50 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिस जवानों को बुलाया गया है।उन्होंने बताया कि मंदिर तक आने वाले रास्तों और मेला परिसर के विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। पुलिस प्रशासन श्रद्धालुओं की भीड़ पर लगातार नजर रखेगा, ताकि दर्शन और जलार्पण के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
बराह बाबा मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हर साल आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ता है। बिहार सहित अन्य राज्यों से तीन से चार लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालु बराह बाबा को जल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं तथा सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।